नजूल विभाग के लिपिक सहित 6 पर धोखाधड़ी का केस
अयोध्या। नजूल विभाग पर भ्रष्टाचार करने का मामला प्रकाश में आया है। फर्जी दस्तावेज तैयार कर मंदिर की जमीन का नामांतरण करने के मामले में कोर्ट के आदेश पर अयोध्या कोतवाली पुलिस ने नजूल विभाग के लिपिक सहित 6 लोगों के विरुद्ध अयोध्या कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर लिया है। रामजानकी मंदिर वेदांती कुटिया के महंत रवीरंद्रनाथ मिश्र ने 156/3 के तहत सीजेएम कोर्ट में वाद दायर किया था।
जिस पर कोर्ट ने मामले को गंभीर पाते हुए मुकदमा पंजीकृत करने का आदेश जारी किया। कोतवाली प्रभारी जगदीश उपाध्याय ने बताया कि रामजानकी मंदिर वेदांती कुटिया के महंत रवीद्रंनाथ मिश्र की तहरीर पर कोर्ट के आदेश के बाद आपराधिक षडयंत्र के तहत जालसाजी, कूटरचना, छल एवं धोखा करके मंदिर का नामांतरण कराने के आरोप में लिपिक रमेशचंद्र भारती, रामसहाय कश्यप पूर्व नजूल तहसीलदार, वीरेंद्र कुमार तिवारी, शीतला प्रसाद मालवीय, जानकी प्रसाद त्रिपाठी सहित 6 लोगों के विरुद्ध धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है।