निकाय चुनाव से पहले शरारती तत्वों द्वारा माहौल बिगाड़ने की कोशिश की गई। छर्रा रोड गांव खेड़ा स्थित मियां की मजार पर रविवार रात नकाबपोश अज्ञात लोगों ने तोड़फोड़ कर दी और दो कब्रों को क्षतिग्रस्त कर दिया। इस दौरान विरोध करने पर उन्होंने निगरानी कर रहे एक दुकानदार को बेरहमी से पीटा। इस हमले में उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
इस घटना की खबर पर सोमवार सुबह हंगामी स्थिति बन गई और वहां भारी भीड़ जुट गई। आनन फानन पहुंची कोतवाली पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने कब्र की मरम्मत कराई और बड़ा बवाल होने से टल गया। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है और कुछ लोगों को चिह्नित भी कर लिया है। दोपहर में डीएम-एसएसपी ने भी मौका मुआयना किया।
कोतवाली क्षेत्र के गांव गांवखेड़ा में प्राचीन पीर साहब बाबा की दरगाह मियां की मजार के नाम से है। इसके मुतवल्ली साबिर खान हैं। यहां हर वर्ष जियारत होती है और उर्स का आयोजन होता है। इस दरगाह पर रात के समय दो लोग सोते हैं, लेकिन वह दो दिन से बाहर गए हुए हैं। इसके चलते दरगाह पर रात में कोई नहीं सो रहा था। मगर सामने चाय की दुकान लगाने वाला निगरानी कर रहा था।
रविवार रात अज्ञात लोग दरगाह पर पहुंचे, जिनके मुंह पर कपड़े बंधे हुए थे और हाथों में लाठी डंडे आदि थे। उन्होंने दरगाह की दीवार पर टाइल्स के साथ बाहर लगी धार्मिक आयत लिखी टाइल्स क्षतिग्रस्त कर दीं। इसके बाद दो कब्रों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। रात में दीवार में तोड़फोड़ की आवाज सुनकर दरगाह के बाहर दुकान करने वाले कालीचरन पुत्र गेंदालाल की नींद खुली और वह दरगाह की ओर गया।
उसने तोड़ फोड़ करने वाले लोगों को रोकने की कोशिश करते हुए शोर मचाया तो हमलावरों ने उस पर हमला बोल दिया। उसके साथ जमकर लाठी डंडे और सरिया से मारपीट की गई। हमलावर उसे अधमरा छोड़कर भाग गए। बाद में वह जैसे-तैसे अपने घर पहुंचा। परिजन आनन-फानन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे। तड़के घटना की जानकारी मिलते ही एसडीएम शिवकुमार, कोतवाल उत्तमचंद पटेल मय फोर्स के मौके पर पहुंचे।
आनन-फानन उन्होंने तोड़फोड़ की गई जगहों पर मरम्मत करा दी। बाद में डीएम ऋषिकेश भाष्कर याशोद, एसएसपी राजेश पांडेय, एडीएम प्रशासन आर एन शर्मा, एसपीआरए डॉ. यशवीर सिंह, सीओ इगलास आदि भी मौके पर पहुंच गए। एहतियात के तौर पर हरदुआगंज, पालीमुकीमपुर व दादों थाने से भी फोर्स बुला ली गई है। फिलहाल फोर्स वहां तैनात है।
-गांव खेड़ा स्थित धर्म स्थल को लेकर दो पक्षों के अपने-अपने तर्क हैं। मूल विवाद संपत्ति व चढ़ावे से जुड़ा समझ में आ रहा है। फिलहाल वहां शांति व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस बल तैनात कर दिया है और मुकदमा दर्ज किया गया है। जो जांच में सामने आएगा, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।-राजेश पांडेय एसएसपी