पूर्व विधायक जमीरउल्लाह के साथ शाहजमाल इलाके में चल रहे धरने में शामिल लोगों से मिलकर लौट रहे वार्ड संख्या 55 के नगर निगम पार्षद मो. हफीज अब्बासी पर बृहस्पतिवार को कुछ लोगों ने जानलेवा हमला किया। आशिक अली भुजपुरा स्थित एसके लाज के पास हुई घटना के दौरान उनके साथ जमकर मारपीट की गई। आसपास के राहगीरों ने किसी तरह उन्हें बचाया। गंभीर रूप से घायल पार्षद को उपचार के लिए मलखान सिंह जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। सूचना पर पूर्व विधायक समेत अन्य नेता अस्पताल पहुंच गए हैं। इस मामले में अज्ञात हमलावरों के खिलाफ तहरीर दी है।
शाहजमाल इलाके में एनआरसी एवं सीएए के विरोध में चल रहे धरने में बैठी महिलाओं के लिए बुधवार दोपहर खाना आया था। इसका वहां मौजूद पुलिस ने वीडियो बना लिया था। इससे घबराई महिलाओं ने पूर्व विधायक हाजी जमीरउल्लाह खां को बुलाया। बृहस्पतिवार को विधायक के साथ बाबा फरीद व नगर निगम पार्षद वार्ड 55 मुल्ला पाड़ा निवासी मो.हफीज अब्बासी भी शाहजमाल पहुंचे और धरनारत महिलाओं को सांत्वना दी। इसके बाद विधायक वहां से चले गए।
पार्षद हफीज ने बताया कि जब वह घर जा रहा था, तभी एसके लाज के पास लगी भीड़ देखकर वह रुक गए और कारण पूछा। तभी एक युवक ने यह कहते हुए कि बहुत नेता बनता है आज तुझे ही देख लेते हैं। इसके बाद युवक और उसके चार पांच साथियों ने उस पर हमला बोल दिया। पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में हुए हमले के दौरान हमलावरों ने लात, घूंसे, चैन व बेल्टों से उसके साथ जमकर मारपीट की। राहगीरों ने बमुश्किल उसे बचाया, वरना वह लोग जान से मार देते। इंस्पेक्टर कोतवाली रविंद्र सिंह के अनुसार घटना में कुछ लोगों को चिह्नित कर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
जमीरउल्लाह समेत सपा नेताओं ने अस्पताल जाकर लिया हालचाल
पार्षद मो.हफीज अब्बासी के साथ हुई मारपीट में घायल होने की सूचना पर पूर्व विधायक हाजी जमीर उल्लाह खान एवं प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया के महानगर अध्यक्ष बाबा फरीद आजाद जिला मलखान सिंह चिकित्सालय पहुंचे और घायल का हालचाल लिया। उन्होंने घटना की निंदा करते हुए प्रशासन से दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस मौके पर फरहान सलमानी, मोहम्मद आरिफ , बबलू अब्बासी, कल्लू पहलवान, पार्षद अकरम, पार्षद माशा अल्लाह, प्रताप सिंह चीफ , रूप सिंह जाटव, रिजवान आदि उपस्थित थे।