सासनी गेट इलाके में मथुरा रोड हाईवे बाईपास सोमवार मध्य रात फर्रुखाबाद से बरात लेकर दिल्ली जा रही टूरिस्ट बस सड़क पर बिखरे पड़े गन्नों से बचने के फेर में डिवाइडर से टकरा गई। इस दौरान बस में सवार 12 यात्री जख्मी हो गए। तड़के तीन बजे हुई दुर्घटना की खबर पर पहुंची पुलिस ने आनन-फानन घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया।
बस को खड़ा करा लिया गया है। इस दौरान बस ड्राइवर के भाग जाने के कारण यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि बस कहां जा रही थी। घायलों ने जरूर अस्पताल में टूटी फूटी जानकारी देते हुए बताया कि वह लोग बरात में शामिल होने दिल्ली जा रहे थे।
हाईवे बाईपास के मथुरा रोड पुल के पास सोमवार की रात गन्ने से लदे दो ट्रैक्टर-ट्राली खराब हो गए थे। जिन्हें पुलिस ने किसी तरह साइड करा दिया था। मगर इस दौरान सड़क पर गन्ने जरूर फैल गए थे। तड़के करीब तीन बजे फर्रुखाबाद से एक टूरिस्ट बस तेज गति से दिल्ली जा रही थी।
इस बस के ड्राइवर ने गन्नों से बस को बचाने का प्रयास किया और गति तेज होने के कारण बस अनियंत्रित होकर सड़क सहारे डिवाइडर से टकरा गई। इस दौरान एक दर्जन यात्री जख्मी हो गए।
चीख पुकार पर राहगीरों की सूचना पर पुलिस वहां पहुंच गई। सासनी गेट पुलिस के अनुसार इस दुर्घटना में अजय, विष्णु, विनीता, सुनील, अमित, हेमा, रेखा, अनिल, अंजली, नवरीन, अनुज आदि दर्जन भर यात्री जख्मी हुए। इनमें से कुछ को तो जिला अस्पताल से ही छुट्टी दे दी गई।
बाद में कुछ मेडिकल कॉलेज भेजे गए और वहां से भी इलाज के बाद परिजनों संग चले गए। इंस्पेक्टर सासनी गेट के अनुसार ड्राइवर के न मिलने के कारण स्पष्ट नहीं हुआ कि बस फर्रुखाबाद से दिल्ली बरात लेकर जा रही थी या फिर यह बस डग्गेमारी में सवारियां लेकर चल रही थी।