महानगर के नवनिर्वित बाईपास के खेरेश्वर चौराहे पर रविवार रात बाइक सवार दो बीयूएमएस छात्रों की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। दोनों बुलेट बाइक पर सवार होकर गाजियाबाद से किसी दोस्त की शादी से लौट रहे थे। तभी चौराहे पर पीछे से रोडवेज ने टक्कर मार दी। दोनों के शवों को परिजन बिना पोस्टमार्टम के ही अपने साथ घरों को ले गए।
वाकये के अनुसार अनवार चौधरी (22) पुत्र हाजी मोहम्मद अली निवासी डासना गाजियाबाद, वसीम राना (24) पुत्र सलीम राना निवासी मुजफ्फरनगर यहां अनूपशहर रोड के एसीएन कॉलेज से बीयूएमएस प्रथम वर्ष के छात्र थे। वसीम के दोस्त की रविवार को गाजियाबाद में शादी थी।
दोनों इस शादी में शामिल होने के लिए बुलेट बाइक से गए थे। देर रात करीब साढ़े बारह बजे दोनों लौट रहे थे। तभी खेरेश्वरधाम के पास पीछे से आती रोडवेज ने दोनों को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में अनवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वसीम को जिला अस्पताल लाया गया।
जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। इधर, खबर पर पुलिस भी आ गई और तड़के ही परिजन आ गए। जो बिना पोस्टमार्टम के ही दोनों के शवों को ले गए। एसओ लोधा के अनुसार पंचनामा भरने के आधार पर दोनों के शव परिजनों की सुपुर्दगी में दे दिए गए हैं।