अपनी बहनों को उनकी ससुराल से बुलाकर थाना दादों के गांव ककराली लौट रहे एक युवक और उसकी तीन बहनों को हथियारबंद बदमाशों ने लूटपाट कर ली। बहनों के शोर पर ग्रामीण आ गए और तीन बदमाशों को दबोच लिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस आरोपियों को पकड़कर ले जाने लगी तो ग्रामीणों ने पुलिस की घेराबंदी कर ली और जीप से बदमाशों को खींचने की कोशिश की। इस मामले को लेकर ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। पुलिस इस मामले को मारपीट बताई रही है।
थाना दादों के गांव ककराली निवासी सुभाष पुत्र हरीशंकर जाहरवीर की जात को जाना था। मंगलवार को वह थाना रामघाट के गांव जाटी नगला निवासी बहन अनीता देवी पत्नी विनोद, थाना पाली के गांव निवासी लाडो देवी पत्नी प्रमोद कुमार और सुषमा देवी पत्नी वीरपाल सिंह नगला केरन को बुलाकर कार से गांव लौट रहा था। इस दौरान मंगलवार दोपहर करीब ढाई बजे खडौआ बंबा और कासिमपुर खुशीपुरा के बीच एक बाइक सवार बदमाश ने कार को रुकवा लिया।
सुभाष के कार रोकते ही आधा दर्जन बदमाशों ने सुभाष को पकड़ लिया और तमंचा दिखाते हुए मारपीट करने लगे। भाई को पिटता देख उसे बहनों ने बचाने की कोशिश की। बदमाशों ने तीनों बहनों से मारपीट कर तीन जोड़ी जंजीर, तीन जोड़ी अंगूठी, कुंडल, सोने और तोड़िया कौधनी उतरवा ली। इसके बाद सुभाष से दस हजार रुपये लूट कर भागने लगे।
शोर सुनकर खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों ने दौड़ कर तीनों बदमाशों को दबोच लिया और जमकर मारपीट करने के बाद एक कमरे में बंद कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस बदमाशों को अपने कब्जे में लेकर गांव से चलने लगी। ग्रामीणों ने पुलिस को घेर और बदमाशों को खींचने लगे। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस इन तीनों बदमाशों को थाने ले जाकर छोड़ देगी।
इसी के साथ ग्रामीणों ने हंगामा भी किया। किसी तरह पुलिस तीनों बदमाशों को थाने ले गई। लूट के शिकार सुभाष ने आधा दर्जन बदमाशों के विरुद्ध तहरीर दी है। पकडे़ गए बदमाश कस्बा दादों के कमल सिंह , नाहर सिंह पुत्र मोती सिंह और बृजेश पुत्र राज कुमार है