भाई, बहन को दिनदहाड़े तमंचा दिखाकर लूटा
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
कोतवाली क्षेत्र के मुहरैनी-अगोरना संपर्क मार्ग पर दिनदहाडे़ बाइक सबार सशस्त्र बदमाशों ने भाई-बहन को लूट लिया। बदमाश एक लाख से अधिक कीमत का सामान और नकदी आदि लू ले गए। पीड़ित के पिता की तहरीर पर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
बुधवार को गांव कनौरा निवासी हरेेंद्र सिंह पुत्र प्रताप सिंह दोपहर लगभग साढ़े बारह बजे भवनगढ़ी थाना हरदुआगंज के गांव से अपनी बहन मधु को लेकर गांव आ रहे थे। इस बीच अलीगढ़ मार्ग पर वे निशांत कोल्डस्टोरेज के सामने लघुशंका के लिए रुके। तभी अपाचे बाइक पर सबार तीन युवक उनके पीछे लग गए।
जब दोनाें भाई-बहन मुहरैनी होते हुए कच्चे मार्ग से गांव अगोरना के समीप जंगल में पहुंचे तो युवकों ने ओबरटेक कर उन्हें रोक लिया। हरेंद्र का कहना है कि बाइक रोकते ही बदमाशों ने उनपर तमंचा तान दिया और शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी।
फिर बदमाशाें ने उससे मोबाइल व पर्स तथा मधु से छह अंगूठियां, मंगलसूत्र, सीतारामी, झुमकी, पायजेब, चूड़ी व पांच हजार रुपये नगद लूट लिए और फरार हो गए। उसने किसी प्रकार पुलिस कंट्रोल रूम को इसकी सूचना दी।
जिसपर हस्तपुर चौकी प्रभारी शिवकुमार यादव ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। इस संबंध में उनके पिता प्रताप सिंह ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है। बता दें, हस्तपुर क्षेत्र में दो दिन पूर्व भी लूट के साथ हत्या की घटना सामने आ चुकी है। जिसका अब तक पुलिस खुलासा नहीं कर पाई है।