भाजपा नेता के बेटे ने आत्महत्या की
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
थाना हरदुआगंज के कस्बा हरदुआगंज में कुछ युवकों के साथ झगड़ा होने और बाद में उनसे धमकी मिलने के बाद एक किशोर तरुण ने खुद को फांसी लगाकर जान दे दी। मृतक के पिता और भाजपा नेता अनेकपाल सिंह ने अपने बेटे को आत्महत्या के लिए उकसाने के लिए कस्बे के ही सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
कस्बे के मोहल्ला महाब्राह्मणान निवासी अनेकपाल सिंह भाजपा के नेता हैं और उनकी ताला नगरी में ही जगदंबा स्टील के नाम से फैक्ट्री है। अनेकपाल सिंह ने बताया तरुण कस्बे के अग्रसेन इंटर कॉलेज में कक्षा 11 का छात्र था। कुछ दिन पहले 21 अगस्त की रात वह कस्बे में ही दाऊजी दर्शन करने गया था। वहीं पर कुछ युवकों से उसका झगड़ा हुआ। उन लोगों ने तरुण को बाद में देख लेने की धमकी दी। इसके बाद तरुण तनाव में आ गया। इसी के चलते उसने शुक्रवार को यह आत्मघाती कदम उठा लिया। अनेक पाल सिंह के परिवार में तरुण के अलावा अब एक बेटा और दो बेटियां हैं। पूरे परिवार का रो रोकर बुरा हाल है। कस्बे में घटना की चर्चा है और मोहल्ले में शोक का महौल है।