महानगर के क्वार्सी इलाके के धौर्रा माफी स्थित बैंक शाखा में सोमवार शाम गार्ड ने एक युवक को घुसने से रोका तो उसने मारपीट कर चाकू से हमला बोल दिया। यह देख भीड़ ने आरोपी युवक को दबोच लिया और जमकर धुनाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया।
धौर्रा स्थित एचडीएफसी बैंक में रोजाना की तरह रुपये निकालने और जमा करने वालों की भीड़ लगी थी। शाम के वक्त इलाके का ही एक युवक वहां पहुंच गया। आरोपी युवक भीड़ के बीच से बैंक में घुसने की कोशिश करने लगा। गेट पर मौजूद गार्ड ने आरोपी को रोक लिया। इसी बात पर दोनों पक्षों में कहासुनी होने लगी। आरोपी युवक ने गार्ड के साथ मारपीट कर चाकू से हमला बोल दिया। चाकू से मामूली रूप से गार्ड की हथेली जख्मी हो गई। यह सब देख आसपास के लोग दंग रह गए।
स्थानीय लोगों ने आरोपी युवक को दबोच लिया। गुस्साए लोगों ने पकड़े गए युवक की जमकर धुनाई कर दी। काफी देर तक हंगामा होता रहा। खबर मिलते ही क्वार्सी पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। क्वार्सी इंस्पेक्टर प्रकाश चन्द्र यादव के मुताबिक बैंक में घुसने को लेकर गार्ड से विवाद हुआ था। आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है। अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
कासिमपुर में बैंक मैनेजर से तीखी नोकझोंक
जवां। कासिमपुर स्थित एसबीआई में लाइन तोड़कर अपनों को बुलाकर रकम देने के आरोप में ग्राहकों व बैंक मैनेजर में विवाद हो गया। इस खबर पर दुपहर में पहुंची पुलिस ने जैसे तैसे विवाद शांत कराया। बताया गया है कि काफी संख्या में मौजूद लोगों के बीच जब यह हरकत हुई तो पब्लिक गुस्सा गई। इस दौरान तीखी नोकझोंक हुई।