शुक्रवार की शाम दुबे के पड़ाव चौराहे और बस स्टैंड के बीच सैकड़ों छात्रों ने सिकंदरराराऊ से अलीगढ़ आ रही एक बस को बंधक कर उसमें बैठे ड्राइवर और कंडक्टर के साथ मारपीट की। छात्रों का आरोप था कि उसने उनके साथी छात्र के साथ अभद्रता की है।
इस दौरान बस में बैठी अन्य सवारियां चीखने चिल्लाने लगीं। बच्चे सहम गए। मौके पर पहुंचे तीन थानों के फोर्स ने स्थिति को किसी तरह नियंत्रित किया। इसके बाद छात्रों की मांग पर बस के कंडक्टर को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस कंडक्टर से पूछताछ कर रही है। पुलिस के मुताबिक छात्र एएमयू के थे।
पुलिस ने बताया कि शुक्रवार की रात को करीब 8 बजे सिकंदराराऊ से एक बस अलीगढ़ आ रही थी। बस में एक एएमयू का छात्र भी था। छात्र की किसी बात पर बस के ड्राइवर से नोकझोंक हो गई। बातों ही बातों में मामला तूल पकड़ गया। इस दौरान छात्र ने अपने साथी छात्रों को भी फोन कर दिया।
बस जब दुबे के पड़ाव पर आई तो यहां पर करीब 80-90 छात्र पहले से इकट्ठा थे। उन्होंने अपनी बाइकें लगा कर रास्ता रोक दिया और बस को चारों तरफ से घेर लिया और अंदर घुसकर ड्राइवर और कंडक्टर के साथ मारपीट कर डाली। यह देखकर बस में बैठे अन्य लोग दहश्त में आ गए। महिलाओं की चीख निकल गई और बच्चे सहम गए।
सूचना पर मौके पर थाना बन्ना देवी, थाना गांधी पार्क और सासनी गेट तीन थानों का फोर्स पहुंच गया। पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए हमलावरों की भीड़ को तितर-बितर किया और बस को बस स्टैंड तक लाए। यहां पर वह छात्रों की मांग पर कंडक्टर को हिरासत में ले लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है। दूसरी ओर ड्राइवर और कंडक्टर के साथ मारपीट होने पर रोडवेज कर्मियों मे रोष है।