फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चौथे प्रयास में खुला अलीगढ़ पुलिस का खाता 

Fri, 29 Sep 2017 01:57 AM IST
ब्यूूराे, अमर उजाला, अलीगढ़।
विज्ञापन
चौथे प्रयास में खुला अलीगढ़ पुलिस का खाता  - फोटो : Rupesh
विज्ञापन
सूबे में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर जरायम पेशेवरों के खिलाफ ऑपरेशन शूटआउट में अलीगढ़ पुलिस ने चौथे प्रयास में खाता खोल ही लिया। आज से ठीक 48 दिन पहले इसी ठिकाने पर विकास उर्फ खुजली के साथी सुमित चौधरी को पुलिस ने मुठभेड़ में दबोचा था और उसे गोली भी लगी थी। 
विज्ञापन


धनीपुर मंडी गेट पर कैश वैन गार्ड की हत्या कर 35 लाख की लूट के बाद से जिले में लूटपाट का ताबड़तोड़ दौर शुरू हुआ था। बदमाशों और पुलिस के बीच तभी से लुकाछिपी का खेल चल रहा है। मगर आज की सफलता पर जिला पुलिस बेहद उत्साहित है। एनकाउंटर स्थल पर पहुंचे एसएसपी राजेश पांडेय ने पूरी टीम को बधाई देते हुए इसी तरह आगे बढ़ने का संदेश दिया।

दिया था चकमा, न थी खुजली की उम्मीद
लंबे चौड़े आपराधिक इतिहास वाले विकास उर्फ खुजली को बेशक पुलिस कैश वैन लूट कांड के बाद से ही तलाश रही थी। वह एक बार पुलिस को चकमा देकर सुमित के साथ से निकल गया था। इसलिए उसके मिलने की उम्मीद कम थी। बुलंदशहर पुलिस से कोआर्डिनेशन में खबर मिली कि वहां से शिकारपुर थाना क्षेत्र की हत्या के एक मुकदमे में उस पर पांच हजार का इनाम है, तो पुलिस ने यहां भी उस पर इनाम बढ़ाने की संस्तुति कर दी थी। चूंकि पिछले दिनों शासन ने जिला स्तर, रेंज स्तर और जोन स्तर पर इनाम बढ़ाने का अधिकार दे दिया है, तो उस पर एसएसपी की संस्तुति पर 50 हजार का इनाम भी घोषित हो गया। इस तरह वह 55 हजार का इनामी हो गया था। 
विज्ञापन


इसी बीच गुरुवार को अचानक पुलिस मुठभेड़ में वह ढेर हो गया। हालांकि पुलिसकर्मियों को उम्मीद नहीं थी कि यही खुजली है। उसे कुछ पुलिसकर्मियों ने फोटो में ही देखा था। बाद में बुलंदशहर में रहे कुछ पुलिसकर्मी बुलाकर अस्पताल भेजे गए। तब उन्होंने पुष्टि की तो अधिकारियों ने भी शिनाख्त होने की अधिकारिक घोषणा की। 

दोपहर से था इनपुट, असलहे भी मिले 
पुलिस को यह इनपुट दोपहर से ही मिल रहा था कि चार दिन के लिए बैंकों में अवकाश होने वाला है और काले रंग की पैशन बाइक पर दो संदिग्ध घूमते देखे गए हैं। इसे लेकर सभी अलर्ट थे। शाम को जब सीओ बरला को खबर मिली तो उन्होंने जिला मुख्यालय की ओर दौड़ लगा दी। चूंकि वह एसटीएफ में रहे हैं तो उनसे सर्किल छोड़कर दूसरे इलाके में जाने से न रहा गया और वह खुद सीडीएफ की ओर दौड़ पड़े। हालांकि उनसे पहले सूचना पर पूरी टीम आ गई थी। बदमाशों ने सीडीएफ संपत्ति के अंदर का रास्ता भी नहीं देख रखा था। इसलिए बाइक गलती से मोड़ दी और अंदर बंद रास्ते के चक्कर में भटकने पर उनकी बाइक फिसल गई। मुठभेड़ स्थल पर .32 बोर की पिस्टल, खोखा, 315 बोर का एक तमंचा, बाइक मिली। जबकि खुजली की जेब से तलाशी में 71 हजार रुपये, सिगरेट, माचिस आदि सामान मिला। 

पिछली दफा बचे थे एसओजी इंचार्ज 
इस एनकाउंटर में जख्मी हुए सीओ अनुज चौधरी व सब इंस्पेक्टर अभय शर्मा ने नर्सिंग होम में इलाज के दौरान अधिकारियों व मीडिया को मुठभेड़ स्थल पर हुआ घटनाक्रम बताया। उन्होंने बताया कि बदमाश पहले ताबड़तोड़ फायरिंग करते रहे। शुरुआती दौर में बदमाशों ने पिस्टल से पूरे राउंड और तमंचे से दो राउंड फायर किए। इसी बीच विकास पिस्टल में फिर से कारतूस लोड कर रहा था और उसका भागा साथी उसे कवर दे रहा था। तभी मौका मिलने पर हमने घेरकर फायरिंग कर दी और सफलता मिल गई। सब इंस्पेक्टर अभय को बौनेर पर हुई मुठभेड़ में भी गोली लगी थी, मगर बुलेटप्रूफ जैकेट होने के कारण वह रगड़ते हुए निकल गई थी।  

यह मुकदमे दर्ज हैं विकास पर
एसपी सिटी के अनुसार विकास पर अहमदगढ़ के अलावा शिकारपुर में हत्या, खुर्जा में 8 लाख लूट, क्वार्सी में दो लूट, गांधीपार्क में 4 लूट आदि के मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें से शिकारपुर की हत्या में 5 हजार का इनाम घोषित है। पूर्व में पकड़े गए सुमित ने बताया था कि विकास को इस लूट में से 5 लाख रुपया मिला था। उसी ने लूट को प्लान किया था। लंबे समय तक दोनों साथ भी रहे थे। मगर सुमित के पकड़े जाने के बाद से उसका सुराग नहीं लग रहा था। 

परिवार को दी खबर, मजिस्ट्रेट कराएंगे पोस्टमार्टम 
एसपी सिटी के अनुसार एनकाउंटर में सुमित के मारे जाने की खबर अहमदगढ़ पुलिस के माध्यम से उसके परिवार को भिजवाई गई है। परिजनों के आने पर शुक्रवार को मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में डॉक्टरों के पैनल से वीडियोग्राफी के संग पोस्टमार्टम कराया जाएगा।  

आधी रात तक जारी रही कांबिंग 
विकास के साथी के मौके से भागने के बाद से ही सीओ तृतीय, सीओ द्वितीय के नेतृत्व में पुलिस की टीमें आधी रात को समाचार लिखे जाने तक सीडीएफ कैंपस में चारों ओर कांबिंग में लगी थीं। पुलिस को अंदेशा था कि कहीं उसे भी गोली न लगी हो और वह भी घायल होकर न पड़ा हो।
विज्ञापन


..शूटआउट अब तक.. 
12 अगस्त की तड़के सीडीएफ चौकी पर सुमित मुठभेड़ में दबोचाए गोली लगी 
17 सितंबर की मध्य रात ओजोन सिटी पर रवि उर्फ टमाटर के गोली लगी थी 
19 सितंबर की देर शाम बौनेर बाईपास पर सचिन पहलवान के गोली लगी थी 
28 सितंबर को देर शाम सीडीएफ के पास विकास उर्फ खुजली मारा गिराया 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें