थाना-चौकी स्तर पर योगी के निर्देशों को लेकर पुलिस में कतई सुधार नहीं दिख रहा। यहां मडराक क्षेत्र की एक महिला िख्ालाड़ी का कुछ शोहदों ने फोटो खींचकर किसी अन्य के साथ जोड़कर आपत्तिजनक बनाते हुए सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। जब शिकायत आसना चौकी पर की गई तो चौकी इंचार्ज उल्टा और परिवार को समझौते के लिए धमकाने लगा। बात मेयर शकुंतला भारती के माध्यम से सोमवार को एसएसपी तक पहुंची तो एसएसपी ने मुकदमे के निर्देश दिए हैं और दरोगा पर जांच के आधार पर कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
वाकये के अनुसार मेयर संग पीड़ित महिला खिलाड़ी एसएसपी से मिलने पहुंची। यहां बताया कि वह रोजाना गांव से शहर के इंटर कॉलेज में अभ्यास के लिए आती है। 2 जून की सुबह 6:30 बजे वह गांव से स्कूल आ रही थी, तभी गांव के नामजद शोहदों ने उसका फोटो खींच लिया और उसे किसी अन्य के साथ जोड़कर सोशल मीडिया व्हाट्सएप ग्रुप पर वायरल कर दिया। इस बात की जानकारी 5 जून को खिलाड़ी को हुई तो उसने अपने भाई को बताया।
मामले में जांच के बाद हकीकत सामने आई और आरोपियों के नाम उजागर हुए। बाद में शिकायत आसना चौकी प्रभारी राकेश सिंह से की गई। आरोप है कि मामले में कार्रवाई के बजाय चौकी इंचार्ज ने उल्टा पीड़ित पक्ष को धमकाकर समझौते का दबाव बनाया। कहा कि ऐसी घटनाएं तो होती रहती हैं। इसमें कोई कुछ नहीं कर सकता। इसमें वही होगा जो मैं चाहूंगा जिससे चाहो उससे शिकायत कर लो मेरा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता।
पीड़ित ने जब वाकया मेयर को बताया तो मेयर सोमवार को पीड़ित को लेकर एसएसपी से मिलीं। जहां एसएसपी ने तत्काल मुकदमे के निर्देश इंस्पेक्टर मडराक को दिए। साथ ही दरोगा पर जांच के आधार पर कार्रवाई का भरोसा दिलाया। मेयर ने कहा कि पुलिस का रवैया थाना स्तर पर सुधर नहीं रहा है।