दिलशाद कालोनी में पड़ी डकैती के बाद विलाप करती घर की महिलाएं।
- फोटो : Amar Ujala
महानगर में बेखौफ बदमाश लगातार धमाचौकड़ी मचा रहे हैं। सोमवार को दिनदहाड़े क्वार्सी क्षेत्र की धौर्रा से सटी दिलशाद कालोनी में मदरसा शिक्षक के घर में घुसकर लाखों का माल लूट लिया। सशस्त्र बदमाश परिजनों को बंधक बनाकर दो लाख की नकदी व कीमती जेवरात सहित करीब पांच लाख का माल लूट ले गए और जाते समय परिजनों को एक कमरे में बंद कर गए। दिनदहाड़े लूट की वारदात से पुलिस अधिकारियों में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को कमरे से बाहर निकाला।
क्वार्सी की दिलशाद कॉलोनी निवासी शफजुल रहमान जौहराबाग स्थित मदरसे में शिक्षक हैं। सोमवार को दो बाइक पर चार युवक आए और दरवाजे पर अपने बच्चे के साथ बैठी उसकी बेटी अजरा से पूछा कि आंटी कहां हैं। अजरा ने अंदर होने का इशारा दिया तो चारों युवकों ने तमंचे निकाल लिए और अजरा को धकियाते हुए अंदर ले गए। घर के अंदर शिक्षक, उसकी पत्नी शबाना, बेटी सिमरन तथा बेटा अदनान मौजूद थे। बदमाशों ने सभी को हथियारों के बल पर बंधक बना लिया और तीनों महिलाओं से करीब तीन लाख रुपये कीमत के जेवरात तथा घर के अंदर रखी दो लाख रुपये की नकदी अपने कब्जे में कर ली। इसके बाद सभी को एक कमरे में बंद कर दिया और 25 मिनट तक घर में लूटपाट करने के बाद भाग निकले।
कमरे के अंदर से किसी तरह गृह स्वामी ने अपने दामाद सराय रहमान निवासी सारिक को फोन पर सूचना दी। उसके दामाद ने पुलिस को बताया तो पुलिस अधिकारियों ने वारदात स्थल की ओर दौड़ लगा दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पीड़ितों को कमरे के अंदर से बाहर निकाला। पूछताछ में पीड़ितों ने बताया कि बदमाशों ने शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी थी। इसलिए उन्होंने शोर नहीं मचाया। इंस्पेक्टर क्वार्सी के अनुसार हुलिया व तहरीर के आधार पर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी गई है।