क्राइम डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
महानगर के क्वार्सी इलाके के अनूपशहर रोड स्थित एक निजी अस्पताल में पथरी के ऑपरेशन के बाद महिला की शनिवार रात मौत हो गई। इसे लेकर गुस्साए परिजनों ने जमकर हंगामा किया और अस्पताल में तोड़फोड़ कर दी। काफी देर तक अस्पताल में हंगामा चलता रहा। खबर पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत किया और बाद में उनका समझौता हो गया। इसके बाद शव को लेकर परिजन घर चले गए।
क्वार्सी के रजानगर के अजमल खां की 40 वर्षीय पत्नी बबली को परिजनों ने गुरुवार को पथरी के ऑपरेशन के लिए धौर्रामाफी स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया। परिजनों के अनुसार डॉक्टर ने तय समय पर शनिवार को बबली का ऑपरेशन किया।
आरोप है कि डॉक्टर व स्टाफ की लापरवाही से बबली की देर रात मौत हो गई। इस पर परिजन भड़क गए और उन्होंने हंगामा करते हुए वहां स्टाफ से हाथापाई और तोड़फोड़ शुरू कर दी। इससे अस्पताल स्टाफ अपनी जान बचाने को इधर-उधर भागने लगा।
सूचना पर क्वार्सी पुलिस भी पहुंच गई। तब कहीं जाकर परिजनों का गुस्सा शांत हो सका। हालांकि बाद में परिजनों व अस्पताल के डॉक्टर के बीच समझौता हो गया और परिजन महिला के शव को लेकर घर चले गए। इंस्पेक्टर राघवेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों में समझौता हो गया, किसी ने कोई तहरीर नहीं दी है।