क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़।
हरियाणा के पलवल में अतरौली के तीन अमरूद व्यापारियों के साथ दो बाइक सवार बदमाशों ने बंधक बनाकर 4.15 लाख रुपये की लूट को अंजाम दिया। व्यापारी फरीदाबाद की डबुआ फल मंडी में अमरूद बेचकर लौट रहे थे। वारदात के बाद लुटेरे मौके से फरार हो गए। व्यापारियों ने चांदहट थाने में जाकर आपबीती बताई मगर पुलिस ने उनकी शिकायत दर्ज नहीं की। मजबूरन वह निराश होकर वापस लौट आए।
अतरौली के भवाइन के रहने वाले जयप्रकाश पुत्र नेमसिंह, अतीश पुत्र ख्याली और पप्पू अमरूद का व्यापार करते हैं। अतरौली के ही गांव जमालगढ़ी से तीनों साझेदार मंगलवार की रात को एक मेटाडोर गाड़ी में अमरूद भरकर फरीदाबाद की डबुआ फल मंडी में बेचने को ले गए। बुधवार सुबह उन्होंने अमरूदों को मंडी में बेच दिया। माल को बेचकर वह मेटाडोर से ही घर को लौट रहे थे। गाड़ी चालक कालू निवासी स्माइल पुर चला रहा था।
जयप्रकाश ने बताया कि पलवल के चांदहट थाना क्षेत्र में हाईवे पर दो बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और आरोप लगाया कि केले के छिलके राह चलती लड़कियों पर फेें के हैं। उन्हें काफी समझाया लेकिन वह नहीं माने। एक साथी को बाइक पर बैठाकर अपने साथ ले गए। काफी देर बाद भी साथी के वापस नहीं लौटने पर सभी लोग उसे देखने को निकल पड़े। वहां जाकर देखा तो दोनों ने साथी को खेत में हथियारों के बल पर बंधक बनाकर बैठा रखा था। इस पर चालक सहित हम सब ने विरोध किया तो उन्होंने हथियार के दम पर हमें भी बंधक बना लिया और जेब में रखी 4.15 लाख की रकम निकाल ली। रकम निकालकर दोनों फरार हो गए। उनके जाने के बाद कड़ी मशक्कत के कर रस्सी खोली। थाना चांदहट में जाकर पुलिस को पूरा घटनाक्रम बताया। मगर, उन्होंने शिकायत लेने से इंकार कर दिया। पीड़ित घर लौट आए।