क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़।
महानगर में पुलिस के ऑपरेशन शूटआउट के बीच लुटेरों ने फिर अपनी सक्रियता दिखाई है। अब महिलाओं संग बच्चों को निशाना बनाकर बदमाशों द्वारा लूटपाट की जा रही है। सोमवार को 8 घंटे के अंतराल में इसी तरह की दो घटनाएं सासनी गेट और सिविल लाइंस में हुई हैं।
पहली घटना हाईवे पर हुई, जहां अपाचे सवारों ने बेटी को गोद में लिए जा रही महिला का पर्स झपटा, जिसके चलते मां-बेटी गिरने से जख्मी हो गईं। वहीं सिविल लाइंस में स्कूटी सवार महिला को रोक बदमाशों ने उसके साथ मौजूद बेटी पर तमंचा तानकर पर्स आदि लूट लिया। दोनों घटनाओं में पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी है।
पहली घटना के अनुसार लोधा के गांव गोविंदपुर फगोई के हरेंद्र सिंह पुत्र प्रेमपाल सोमवार दोपहर 2 बजे अतरौली के गांव रानी आलमपुर से अपनी बहन निर्मला को रक्षाबंधन के चलते बुलाकर ला रहा था। वह बाइक पर सवार होकर सासनी गेट चौराहे से हाईवे पर चला, तभी अपाचे सवार तीन बदमाशों ने पीछे बैठी महिला का पर्स छीना।
इस छीना झपटी में निर्मला के हाथ से बच्ची गिर गई और उसे बचाने के चक्कर में वह खुद गिर गई। इस दौरान दोनों जख्मी हो गए, जबकि बदमाश पर्स लेकर भाग गए। इसकी सूचना तत्काल हाईवे पुल के नीचे मौजूद पुलिस को दी गई। मगर पुलिस नहीं आई। बाद में पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी गई।
तब देहली गेट और बन्नादेवी थाने की पुलिस पहुंची। चूंकि मसला सासनी गेट का था, इसलिए वहां की पुलिस को सूचना भेज दी गई। घायल मां-बेटी को परिजन इलाज के लिए एक अस्पताल में ले गए। पीड़ित के अनुसार बैग में 1600 रुपये, बच्ची के चांदी के कड़े, ताबीज आदि सामान था। इस संबंध में थाने में तहरीर दे दी गई है।
इधर, सिविल लाइंस के न्यू सरसैयद नगर की परवीन दानिश पत्नी दानिश खान के साथ घटना रात करीब साढ़े दस बजे हुई। इस संबंध में दी गई तहरीर के अनुसार परवीन अपनी बेटी संग स्कूटी पर सवार होकर बाजार से घर लौट रही थीं, तभी रास्ते में एक बाइक पर दो बदमाश आए और ओरवटेक कर उन्हें रोक लिया।
इसके बाद बच्ची की कनपटी पर तमंचा सटाकर महिला से पर्स, मोबाइल लूट लिया। इस पर्स में दस हजार रुपये, एक जंजीर अन्य कागजात आदि सामान थे। पुलिस ने इस घटना के संबंध में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जिसमें बदमाशों की बाइक का नंबर भी पुलिस को बताया गया है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंचने को प्रयासरत है। इधर, बता दें कि परवीन के पति आबाद मार्केट में व्यापार करते हैं।