क्राइम डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
एएमयू के अब्दुल्ला हॉल में रहकर बीएससी की पढ़ाई कर रही आजमगढ़ की छात्रा को एएमयू कैंपस में वीसी लॉज के बगल में शिबली मोड़ पर लूट लिया गया। हालांकि घटना दो दिन पुरानी है मगर इस संबंध में प्रॉक्टर कार्यालय के माध्यम से थाना सिविल लाइंस को तहरीर भेज दी गई है, जिसमें पर्स में 15 हजार रुपये, मोबाइल और जरूरी दस्तावेज लूटे जाने का उल्लेख किया गया है।
मूल रूप से आजमगढ़ के जगमलपुर बिंदवाल की रहने वाली नमरा हफीज पुत्री अब्दुल हफीज यहां अब्दुल्ला हॉल में रहकर एएमयू से बीएससी कर रही है और उसने अमीर निशा में स्थानीय आवास भी बना रखा है। वाकया दो अगस्त की दोपहर करीब 11.45 बजे का है। वह एएमयू के एजूकेशन विभाग से बीएड काउंसलिंग में शामिल होकर रिक्शे से लौट रही थी। तभी शिबली मोड़ पर काली बाइक पर सवार युवक उसके हाथ से पर्स झपट ले गया।
इस पर्स में 15 हजार रुपये, एक मोबाइल, पैन कार्ड, आधार कार्ड, एटीएम कार्ड के अलावा समस्त शैक्षणिक दस्तावेज रखे थे। मामले में सूचना पर घटनास्थल पर पुलिस भी पहुंची। जांच-पड़ताल के बाद पुलिस चली गई। इस मामले में प्रॉक्टर कार्यालय के आधार पर थाने में तहरीर पहुंच गई है। इंस्पेक्टर सिविल लाइंस के अनुसार पहले दिन की सूचना के बाद अभी उन्हें तहरीर नहीं पहुंची है।