क्राइम डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
संदिग्ध परिस्थितियों में ट्रेन से गिरकर घायल हुए यात्री की मौत की खबर दबाने पर एसपी जीआरपी ने चौकी इंचार्ज दादरी को निलंबित कर दिया है। गुजरी चार मार्च को कानपुर के बर्रा थाना क्षेत्र के मोहल्ला सुदामा कुटी निवासी 32 वर्षीय सौरभ शुक्ला अलीगढ़ में नहीं ठहरने वाली ट्रेन संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस से दिल्ली जा रहा था।
दादरी इलाके में वह संदिग्ध परिस्थितियों में ट्रेन से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। सौरभ को इलाज के लिए दादरी के सरकारी अस्पताल में भर्ती तो करा दिया गया, लेकिन परिजनों और जीआरपी इंस्पेक्टर अलीगढ़ को इसकी सूचना नहीं दी गई। तीन-चार दिन बाद घायल की इलाज के दौरान दादरी के ही अस्पताल में मौत हो गई।
मौत होने के बाद खबर परिजनों को देते हुए उप निरीक्षक दादरी प्रताप सिंह ने शव का पोस्टमार्टम करा दिया। मृतक के भाई अंकित शुक्ला ने इस पूरे प्रकरण की शिकायत एसपी रेलवे आगरा अनुभाग नितिन तिवारी से की। उन्होंने इस प्रकरण की जांच कराई, जांच में दोषी पाए गए चौकी प्रभारी प्रताप सिंह को निलंबित कर दिया गया है। गौर हो सौरभ के भाई अंकित शुक्ला ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट कानपुर के बर्रा थाने में कराई थी।
युवक की मौत के मामले में एसआई दादरी ने लापरवाही तो बरती साथ ही मुकदमों की विवेचना भी समय पर निस्तारित नहीं कर रहे थे। इस मामले में उन्हें तत्काल निलंबित कर दिया गया है।
-नितिन तिवारी, एसपी जीआरपी