क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़।
गुरुवार की शाम ककौला रोड स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के पास अपाचे सवार लुटेरों ने मोपेड सवार एक टॉफी विक्रेता को रोक लिया। तमंचा लगाकर उनके पास मौजूद रुपयों से भरा थैला छीन लिया।
विरोध करने पर पीटा और तमंचे लहराते हुए भाग निकले। पीड़ित के अनुसार थैले में 48 हजार रुपये थे। वारदात की सूचना पर एएसपी निपुण अग्रवाल भी फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए और पीड़ित से लुटेरों का हुलिया आदि की जानकारी ली। पुलिस के अनुसार लुटेरों की तलाश की जा रही है।
अंडला निवासी रमेश चंद्र पुत्र ज्वाला प्रसाद के अनुसार वह गांवों में टॉफी, कचरी आदि सामान बेचते हैं। गुरुवार की शाम मोपेड से गांव रायट में सामान बेचकर लौट रहे थे। ककौला रोड स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के समीप अपाचे सवार दो लुटेरों ने उन्हें रोका। वह कुछ समझ पाते इससे पहले ही तमंचा लगा दिया और बैग छीन लिया।
बैग में 48 हजार रुपये थे। उन्होंने बैग वापस पाने की कोशिश की तो लुटेरों ने पिटाई कर दी और भाग निकले। लुटेरों के भागते ही उन्होंने शोर मचाया जिस पर पहुंचे राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। एएसपी निपुण अग्रवाल, इंस्पेक्टर सुबोध कुमार घटनास्थल पर पहुंच गए। पीड़ित ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। इंस्पेक्टर सुबोध कुमार का कहना है मामला संदिग्ध लग रहा है। जांच की जा रही है।