क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़।
कानपुर-दिल्ली रूट की सवारी गाड़ियों में यात्रियों के मोबाइल, पर्स और सामान को चोरी व लूट करने एक गिरोह के चार सदस्यों को जीआरपी अलीगढ़ ने धर दबोचा। जीआरपी के अनुसार प्लेटफार्म नंबर सात पर चेकिंग के दौरान इन्हें चोरी की योजना बनाते हुए दबोचा गया है। लुटेरों के पास से कई मोबाइल फोन और धारदार हथियार बरामद हुए हैं। सभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है।
जीआरपी इंस्पेक्टर राजेश कुमार के अनुसार पकड़े गए अपराधियों में रघुनाथ पुत्र सोहनलाल निवासी नगला मेक, किसनी, मैनपुरी, साजिद पुत्र मोहम्मद सईद निवासी गली नंबर-4 मौलाना आजाद नगर, क्वार्सी, जीशान उर्फ छंगा पुत्र कल्लू अंसारी निवासी भुजपुरा, कोतवाली और राजा पुत्र राजकुमार निवासी ग्राम विलारी, मुरादाबाद को दबोचा गया है।
इनमें से रघुनाथ के पास से 250 ग्राम और साजिद के पास से 230 ग्राम नशीला पाउडर बरामद किया है। इसके साथ ही चारों के पास से तीन मोबाइल फोन, दो धारदार हथियार सहित एक हजार रुपये की नकदी बरामद की है।
इंस्पेक्टर के अनुसार रघुनाथ के खिलाफ हरियाणा के भिवानी और राजस्थान के बीकानेर जिले में भी कई मुकदमे दर्ज हैं। बदमाशों को दबोचने वाली टीम में एसएसआई अब्दुल मुईज खां, एसआई रजनीश कुमार, एसआई विश्वेश्वर मवेंद सिंह, राजेंद्र सिंह, दुर्वेश कुमार, योगेंद्र सिंह शामिल रहे।