क्राइम न्यूज, डेस्क, अमर उजाला
थाना क्वार्सी के सुरेंद्र नगर इलाके से चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये का माल साफ कर दिया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। चोर और उनकी बाइक की तस्वीरें सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई हैं। पुलिस इसी आधार पर चोरों को तलाश करने में लगी है।
पुलिस के मुताबिक सुरेंद्र नगर में पारुल माहेश्वरी पत्नी नरेश कुमार रहती हैं। उनका बेटा देहरादून में रहता है। गत 10 नवंबर को पारुल अपने बेटे के पास देहरादून गई थीं। मकान में ताला लगा हुआ था। चोरों को इस बात की भनक थी कि मकान बंद पड़ा है।
गत रात चोरों ने मकान का ताला तोड़कर आराम से चोरी की घटना को अंजाम दिया। पूरा घर खंगाला, करीब 80 हजार रुपये की नकदी, सोने चांदी के जेवर आदि साफ कर दिए। चोरी के दौरान ही चोरों ने घर में रखे खाने के सामान, बिस्कुट, नमकीन को भी खाया।
घटना के अगले दिन जब मकान का ताला टूटा देखा गया तो पड़ोसियों ने पारुल माहेश्वरी को फोन पर सूचना दी। साथ ही मौके पर पुलिस भी पहुंच गई। अनुमान लगाया जा रहा है कि चोरी गए सामान की कीमत करीब साढे़ चार लाख रुपये से अधिक है।
काली बाइक पर नकाब लगाए आए थे चोर
पारुल माहेश्वरी के घर के पास एक अन्य घर में सीसीटीवी कैमरा लगा हुआ है। घटना के बाद जब पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगाले तो उसमें चोरों के आने और जाने की तस्वीरे हैं। चोरों ने चेहरे को कपड़े से ढक रखा है। काले रंग की बाइक पर चोर आए थे। पहले इन लोगों ने घर के आसपास की टोह ली है। इंस्पेक्टर रविंद्र कुमार सिंह ने बताया कि चोरी की इस घटना में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
कारखाने की तिजोरी तोड़कर 1.90 लाख की चोरी
थाना देहली गेट में कारखाने की तिजोरी तोड़कर उसमें से 1.90 लाख रुपये की चोरी के मामले में दो लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज करायी गई है। पहासू अपार्टमेंट में रहने वाले जफर आलम का देहली गेट इलाके में कारखाना है। दर्ज कराई गई रिपोर्ट में कहा है कि उनके कारखाने की तिजोरी को तोड़कर उसमें से 1.90 रुपये चोरी कर लिए गए। इस मामले में कोतवाली के तुर्कमान गेट निवासी अर्शलान सैयद और अमजद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
असदपुर कयाम में घर से चोरी
थाना क्वार्सी के असदपुर कयाम में प्राइवेट कंपनी में नौकरी करने वाले एक व्यक्ति के घर से करीब तीन लाख रुपये का सामान चोरी हो गया। असदपुर कयाम के रहने वाले महेश बघेल दिल्ली में प्राइवेट कंपनी में काम करते हैं। शुक्रवार की रात चोरों ने उनके घर को निशाना बनाते हुए एक एलईडी टीवी, लैपटॉप, इलेक्ट्रोनिक होम एप्लाइंसेस आदि करीब तीन लाख रुपये का सामान चोरी कर ले गए। घटना के संबंध में पुलिस को सूचना दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।