क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़।
महानगर में दीपावली त्योहार पर पांच दिन तक जुआरियों की धरपकड़ के लिए अभियान चला। इस दौरान अलग-अलग थाना क्षेत्र में काफी संख्या में जुआरी पकड़े गए।
इस दौरान लैपर्डों ने भी खूब मौज काटी, जिसको मन हुआ, उसे जुए के फड़ से पकड़कर थाने भेजा, जिसको मन हुआ, उसे मौके से ही घर भेजने की राहत दे दी गई। पुलिस का यह अभियान अभी जारी है। देहली गेट पुलिस ने तीन फड़ों से दर्जन भर जुआरी दबोचे हैं।
इंस्पेक्टर देहली गेट के अनुसार हनुमान चौक बनियापाड़ा से श्याम वार्ष्णेय, रिंकू वार्ष्णेय, राशिद, प्रवीण, गौरव वार्ष्णेय को जुआ खेलते समय पकड़ा है। इनसे नकदी व पत्ते आदि बरामद हुए हैं।
इसी तरह इंदिरा नगर से जुआ खेलते समय अरविंद, हातिम, महेश, किरण कुमार व धर्मेंद्र को दबोचा है। इनसे भी नकदी व पत्ते मिले हैं। इसी तरह नीवरी मोड़ से बॉबी, फारुख को भी गिरफ्तार किया है। इनको लेकर मुकदमे दर्ज किए गए हैं।