क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़।
रेलवे बोर्ड की विशेष जांच टीम द्वारा दिल्ली से कानपुर जा रही लिच्छवी एक्सप्रेस के आरक्षित कोच में रविवार को चेकिंग के दौरान दूसरे की टिकट पर यात्रा कर रहे युवक को दबोच लिया गया। यात्री के पास फर्जी आधार कार्ड भी मिला। उसे जीआरपी को सौंप दिया गया। यात्री आनंद विहार से बिहार जा रहा था।
रेलवे बोर्ड की विशेष जांच टीम में शामिल दिल्ली के सीटीआई देवेंद्र यादव के मुताबिक, वह अपनी टीम के संजीव और गुरु के साथ लिच्छवी एक्सप्रेस में चेकिंग कर रहे थे। आरक्षित कोच ए-1 की सीट नंबर 35 पर बैठे यात्री का टिकट चेक किया गया, जिस पर आलम अंसारी नाम दर्ज था।
उन्होंने यात्री से आधार कार्ड मांगा तो उसने आलम अंसारी के नाम वाला आधार कार्ड टीम को थमा दिया। शक होने पर टीम ने उसका वोटर कार्ड चेक किया, जिस पर नौशाद अली लिखा था। आरोपी को अलीगढ़ रेलवे स्टेशन पर उतार कर जीआरपी के सुपुर्द कर दिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी नौशाद ने बताया कि एजेंट ने उससे 17 सौ रुपये की टिकट के 35 सौ रुपये वसूले और आधार कार्ड भी बना कर दिया था। उन्होंने बताया कि इस संबंध में आरोपी के खिलाफ थाना पुलिस को तहरीर दे दी है।
इस पर धोखाधड़ी में कार्रवाई हो रही है और उस एजेंट को भी जांच के दायरे में लाया जा रहा है। अगले एक माह तक ऐसे लोगों पर अभियान जारी रहेगा।