महानगर के शाहजमाल मरघट वाली गली इलाके में पांच हजार रुपये मांगने वाले किशोर का चाकू घोंपकर कत्ल कर दिया गया। यह हमला मारपीट के दौरान हुआ और चाकू से किशोर की नस ऐसी कट गई कि उसकी जान पर बन आई। रात भर के प्रयास के बाद भी जेएन मेडिकल कॉलेज में उसे बचाया नहीं जा सका। फिलहाल पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है और मोहल्ले के ही बाप-बेटों को नामजद करते हुए हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
देहली गेट की मरघट वाली गली नंबर छह निवासी जहीर खान के पांच बेटों में चौथे नंबर का मो.फरमान (14) अपने भाइयों के साथ मजदूरी पर ढलाई का काम करता था। फरमान के बड़े भाई फौजी के मोहल्ले के ही शेखू नाम के युवक पर 5 हजार रुपये उधार थे। छह माह से लिया गया उधार अब तक वापस नहीं किया गया था। लगातार टोकने पर 1 फरवरी को रुपया देना तय हुआ था।
इस पर फौजी, फरमान अपने दो-तीन साथियों के साथ रात करीब साढ़े दस बजे रुपये लेने शेखू के घर गया। उस समय शेखू घर पर नहीं मिला, मगर शेखू के पिता शाबिर से वहां कहासुनी हो गई। इस कहासुनी के बाद फरमान आदि वहां से वापस लौटकर अपनी गली में आ गए। मगर कुछ ही देर में शाबिर, शेखू आदि एकत्रित होकर आए और इन सभी से मारपीट शुरू कर दी।
इसी दौरान चाकूबाजी भी हुई, जिसमें एक चाकू फरमान के दाएं बाजू में जा घुसा और उसके खून बहने लगा। इसके बाद हमलावर तो भाग गए। मगर फरमान को तत्काल जिला अस्पताल और वहां से मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। जहां बताया गया कि फरमान की बाजू में खून की नस कट गई है, जिसके चलते खून बहना नहीं रुक पा रहा है। इसे लेकर रात भर प्रयास चला।
मगर सफलता नहीं मिली और तड़के फरमान को मृत घोषित कर दिया गया। इस खबर पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही पिता जहीर की तहरीर पर शेखू, शाबिर आदि के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसओ देहली गेट विनोद कुमार के अनुसार आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।