क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़।
थाना क्वार्सी क्षेत्र में एक किशोर का दसवीं का रिजल्ट आने से एक दिन पहले ही उसके पिता का साया सिर से उठ गया। वाकया कुछ ऐसा है कि किशोर के पिता खैर रोड स्थित एक जस्ता कारखाने में काम करते थे। शुक्रवार को काम करते समय उनकी करंट लगने से मौत हो गई।
सूचना पर पहुंचा किशोर अपने पिता के शव को देख बिलख-बिलखकर रोने लगा। उधर कारखाना मालिक और कर्मचारी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं पीड़ित परिवार ने थाना देहली गेट में कारखाना मालिक के खिलाफ तहरीर दे दी है।
इकरार अहमद (35) पुत्र अनवार अहमद निवासी जीवनगढ़ गली नंबर 16 थाना क्वार्सी खैर रोड पानी वाली टंकी के पास स्थित जस्ता कारखाने में काम करते थे। शुक्रवार को दोपहर 12 बजे उनके बेटे फारहुन के पास फोन आया कि उसके पिता को करंट लग गया है। घर में मां नसरीन के अलावा कोई बड़ा न होने के कारण फारहुन नंगे पांव ही पिता के कारखाने दौड़ गया।
वहां जाकर देखा तो कारखाने में पिता का शव जमीन पर पड़ा था। पिता के शव को देख किशोर खुद को रोने से रोक नहीं पाया। आसपास देखा तो कारखाना मालिक और कर्मचारी गायब थे। चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग कारखाने में आ गए और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पीड़ित परिवार ने कारखाना मालिक के खिलाफ थाना देहली गेट में तहरीर दी है। फारहुन अभी 14 वर्ष का है। इस साल उसने दसवीं के पेपर दिए थे, जिसका रिजल्ट कल आना है। रिजल्ट आने से पहले ही किशोर के सिर से पिता का साया उठ गया है। मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया।