पलवल मार्ग पर टैक्स चोरी के माल के आयात का धंधा सालों पुराना है। समय-समय पर इसके खिलाफ आवाज उठती रहती है। बुधवार को भी यहां लोधा पुलिस ने दिल्ली से कानपुर जा रही वीडिंग से लदा ट्रक पकड़ा। ट्रक पकड़ने की खबर पर वाणिज्य कर अधिकारी भी पहुंच गए और शाम को उसे छोड़े जाने को लेकर रस्साकशी चलती रही।
यह मसला खासा चर्चाओं में है। बताया गया है कि 30 लाख रुपये से ज्यादा कीमत की वीडिंग लेकर गाजियाबाद की ट्रांसपोर्ट का ट्रक कानपुर जा रहा था, जिसे खेरेश्वर के पास लोधा पुलिस ने रुकवा लिया और वाणिज्यकर की चोरी के नाम पर थाने ले जाया गया। जहां वाणिज्यकर अधिकारी भी पहुंच गए।
दस्तावेजों में पता चला कि ट्रक में जो दस्तावेज हैं, वह मात्र 3.26 लाख का माल दिखा रहे हैं, जबकि मौजूद माल की कीमत 30 लाख से ज्यादा है। चूंकि यह ट्रक किसी विशेष सूचना पर रोका गया था। इसलिए देर शाम तक इसे छोड़े जाने को लेकर प्रयास व एप्रोच चलती रही। मामले में लोधा पुलिस व वाणिज्यकर दोनों की भूमिका को लेकर भी सवाल उठते रहे। एसओ का कहना है कि मामले में कार्रवाई वाणिज्यकर द्वारा की जा रही है।