क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़।
महानगर के थाना सिविल लाइंस के जोहरा बाग इलाके में एक मकान के विवाद को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। आरोप है कि हथियारों के दम पर मकान में मौजूद लोगों को दूसरे पक्ष के लोगों ने बंधक बना मारपीट की और घर का सारा सामान लेकर चले गए। पुलिस ने दोनों पक्ष से एक-एक व्यक्ति को शांतिभंग में पाबंद किया है।
निम्मू उर्फ आमीन पुत्र मो. सारिक निवासी जोहरा बाग, सिविल लाइंस के अनुसार नौ मार्च को वह घर में अपने चाचा अमान मुस्तफा के साथ बैठा था। इसी दौरान नामजद एक दर्जन असलाह धारकों के साथ घर आए। उन्होंने दोनों को हथियार के दम पर बंधक बना लिया। साथ ही फायरिंग भी कर दी। घर का फर्नीचर ऑटो में लाद लिया। जबरन घर पर ताला लटका दिया।
शिकायत पर पहुंची पुलिस ने मौके से एक हमलावर को हिरासत में ले लिया। इंस्पेक्टर सिविल लाइंस के अनुसार मकान का विवाद दो रिश्तेदारों के बीच का है। विवाद सिविल कोर्ट में चल रहा था। आठ मार्च को कोर्ट ने मुकदमा खारिज कर दिया। इसी बात पर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था। दोनों पक्षों से एक-एक व्यक्ति को शांतिभंग में पाबंद किया है।