क्राइम डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
धर्म बदल कर हिंदू युवती से शादी करने के मामले में युवती पक्ष की ओर से धमकी मिलने के बाद युवक ने राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के अध्यक्ष को पत्र लिखा है। जिसमें उसने खुद की सुरक्षा और आरोपियों पर कार्यवाही की मांग की है।
थाना क्वार्सी के एक गांव में रहने वाले दूसरे समुदाय के युवक ने भेजे गए पत्र में कहा है कि वह हिंदू धर्म से बहुत प्रभावित हुआ और उसने अपना धर्म परिवर्तन कर लिया। इसके बाद एक युवती जिससे वह प्रेम करता था, उससे उसने सहमति से मई 2018 में विवाह कर लिया। लेकिन इस विवाह से युवती के परिजन खुश नहीं थे।
वह युवती की शादी कहीं अन्य कराने के लिए दबाव डालने लगे। युवती के परिजन युवक को लगातार झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देते रहे। इसी क्रम में एक दिन जब वह युवती के साथ जा रहा था, तो पीएसी के पास गाड़ियों से घेरकर रोक लिया और युवती को जबरन अपने साथ ले गए।
युवती के परिजन उसकी जिंदगी में दखल नहीं दें इस आशय का एक आवेदन युवती की ओर से हाईकोर्ट में भी किया गया। अब उसे फोन पर लगातार धमकी मिल रही हैं कि 5 लाख रुपये दो नहीं दो जान से मार दिया जाएगा। पत्र में खुद की सुरक्षा और युवती को परिजनों के चंगुल से आजाद कराने की मांग की है।