क्राइम डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
महानगर के गांधीपार्क इलाके की एक निजी कॉलेज में बीएससी की पढ़ाई कर रही युवती की फेसबुक आईडी पर एक युवक ने अश्लील फोटो भेज दिए। जब इन्हें देख छात्रा ने विरोध दर्ज कराया तो युवती को कमेंट में ही धमकाया गया और बाद में किसी तरह युवती का नंबर लेकर फोन पर भी धमकी दी गई।
इससे आहत युवती गुरुवार को शिकायत करने एसएसपी दफ्तर पहुंची, जहां एसपी देहात से मुलाकात कर कानूनी मदद मांगी है।
युवती की मानें तो 5 दिन पहले उसकी फेसबुक आईडी पर उसने देखा कि एक युवक ने कुछ अश्लील फोटो टैग कर दिए हैं। इन्हें देख युवती खुद शर्मसार हुई और उसने कमेंट बॉक्स में ही उस भेजने वाले युवक को विरोध दर्ज कराते हुए कमेंट लिखे तो युवक ने उल्टा धमकाना शुरू कर दिया।
बात इतनी बढ़ गई कि उसने किसी तरह युवती का नंबर पाकर उस पर धमकी देना शुरू कर दिया। कुल मिलाकर युवती को इस कदर परेशान किया जाने लगा कि अब वह पुलिस की मदद को मजबूर हुई।
एसपी देहात ने युवती की शिकायत लेकर उसमें सर्विलांस की मदद से आरोपी पर कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। युवती के अनुसार वह गांधीपार्क इलाके में रहती है और आगरा रोड के निजी कॉलेज से बीएससी कर रही है।