क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़।
महानगर के क्वार्सी बाईपास इलाके के एक होटल पर दोस्त की बर्थडे पार्टी में बुलाकर युवक पर कुछ युवकों ने हमला बोल दिया। इस दौरान लाठी-डंडों से मारपीट कर उसकी टांग तोड़ दी और फायर भी झोंका, जिससे वह बाल-बाल बच गया। बाद में लोगों की भीड़ एकत्रित होने पर हमलावर उसे भविष्य में देख लेने की धमकी देकर भाग गए। जख्मी युवक का मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है, जबकि उसके पिता ने नामजद तहरीर क्वार्सी थाने में दे दी है।
तहरीर देते हुए टीकम कॉलोनी किशनपुर निवासी दुजेंद्र चौधरी उर्फ पप्पू ने कहा है कि उनके बेटे आदित्य चौधरी की शिवम निवासी किशनपुर से दोस्ती है।
वह मंगलवार शाम उसकी बर्थडे पार्टी में क्वार्सी बाईपास स्थित होटल पर खाना खाने गया था। जहां नामजद युवक पहले से मौजूद थे। उन्होंने खाने के बाद निकलते ही आदित्य को घेर लिया और लाठी-डंडों से पीटने लगे।
इस दौरान एक ने तमंचे से फायर भी किया। इस मारपीट, हमले में उसके पैर में फ्रैक्चर हो गया और कान फट गया। बाद में लोगों ने उसे बचाया। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई और घायल को पहले दीनदयाल, बाद में मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। जहां उसका इलाज चल रहा है। पिता की तहरीर पर पुलिस ने नामजदों पर कार्रवाई शुरू कर दी है।