क्राइम डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
मडराक क्षेत्र में आगरा रोड हाईवे पुल के पास शनिवार देर शाम स्कार्पियो में घुसे बाइक सवारों को पीछे से रोडवेज ने टक्कर मार दी। इस एक्सीडेंट में एक बाइक सवार की मौत हो गई, जबकि दूसरा जख्मी हो गया। एक्सीडेंट के समय दोनों किसी काम से अपने घर लौट रहे थे। सूचना पर परिवार में कोहराम मच गया है।
महानगर के गांधीपार्क थाना क्षेत्र के कुंवर नगर निवासी 32 वर्षीय विनोद सैनी पुत्र राजाराम सैनी फूल माला का काम करता था। शनिवार को वह बाइक द्वारा साथी राजीव पुत्र कैलाश चंद्र के साथ बाइक से घर लौट रहा था। तभी मडराक क्षेत्र में हाईवे पुल के पास हरि वाटिका के निकट सामने चल रही स्कार्पियो गाड़ी से बाइक टकरा गई, जिससे दोनों सड़क पर गिर पड़े।
इसी बीच पीछे से आती सासनीगेट की ओर से जा रही रोडवेज बस की चपेट में दोनों आ गए। इस दुर्घटना में विनोद की मौत हो गई, जबकि साथी जख्मी हो गया। रोडवेज बस चालक बस को लेकर फरार हो गया। इसी बीच यहां भीड़ जमा हो गई।
खबर पर पुलिस भी पहुंच गई और दोनों को पास के नर्सिंग होम ले जाया गया, जहां विनोद को मृत घोषित कर दिया। इस सूचना पर परिजन भी आ गए। शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम केंद्र भिजवा दिया है।