क्राइम डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
थाना सिविल लाइन क्षेत्र में शनिवार को तस्वीर महल चौराहे के पास इगलास विधायक के ड्राइवर ने ई-रिक्शा को रौंद दिया। गाड़ी से पास ही चल रहा टेंपो व बाइक भी टकरा गई। हादसे में ई-रिक्शा चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। इस दौरान गाड़ी में विधायक मौजूद नहीं थे।
गुस्साए लोगों ने विधायक की गाड़ी के चालक को पीट दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल ई-रिक्शा चालक को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है। इगलास विधायक राजवीर सिंह दिलेर शनिवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित दिशा की बैठक में शामिल होने के लिए आए थे।
इस दौरान उनका ड्राइवर स्कार्पियों को लेकर कहीं जा रहा था। तस्वीर महल चौराहे के पास अचानक ई-रिक्शा सामने आने पर चालक गाड़ी को नियंत्रित नहीं कर सका और ई-रिक्शा से भिड़ गया।
अचानक हुई इस दुर्घटना की चपेट एक टेंपो और बाइक भी आ गए। हादसे में ई-रिक्शा चालक हमदर्द नगर निवासी मो. रहीस घायल हो गया। बताया जाता है कि तैश में आए विधायक के ड्राइवर ने घायल ई-रिक्शा चालक से मारपीट भी की। इंस्पेक्टर सिविल लाइन जावेद खां ने बताया कि इस मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है।