क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़
थाना सासनी गेट इलाके में मथुरा रोड पर लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व एमएलसी सुनील सिंह के निर्माणाधीन भवन पर तैनात सिक्योरिटी गार्ड की बदमाशों द्वारा लाठी डंडे से पीट-पीटकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने एक और हत्यारोपी की शिनाख्त कर उसे एफआईआर में नामजद किया है। इंस्पेक्टर अरुणा राय के मुताबिक दूसरे आरोपी की पहचान पवन निवासी शेरगढ़, मथुरा के तौर पर हुई है। हत्या के बाद से यह फरार हो गया है। इधर, मुख्य आरोपी सोनू भी फरार है। इन दोनों नामजद और हत्या में शामिल इनके तीसरे अज्ञात साथी की भी तलाश की जा रही है।
बता दें कि थाना लोधा क्षेत्र के गांव जोफरी केशोपुर का रहने वाला धर्मेश कुमार(42) पुत्र सुरेश चंद्र तोमर उर्फ हरी सिंह मथुरा रोड पर गंगा धाम कालोनी के पास बन रहे भवन में सिक्योरिटी गार्ड था। गत सोमवार रात को वह परिसर के अंदर बने स्कूल के कमरे में सो रहा था। इसी दौरान तीन बदमाश लाठी डंडे हाथ में लेकर आए और धर्मेश की सिर कुचल हत्या कर दी थी।
पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई थी। परिजनों ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर सोनू की पहचान की थी। मृतक के पिता ने सोनू और उसके दो साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।