क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़।
क्वार्सी इलाके के ज्वालापुरी में बीएसएनएल की महिला कर्मचारी से हुई एक लाख रुपये की लूट मामले में घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी बेकार साबित हो रहे हैं।
किसी भी फुटेज में पुलिस को बदमाशों का हुलिया नहीं दिखाई दे पा रहा है। इसके कारण पुलिस 24 घंटे बाद भी खाली हाथ है। इधर, महिला से दिनदहाडे़ हुई लूट की घटना के बाद से ज्वालापुरी के लोगों में खौफ के साथ ही पुलिस के प्रति नाराजगी भी है।
लोगों का कहना है कि पुलिस क्षेत्र में गश्ती नहीं करती। इसके कारण बदमाशों ने दिनदहाड़े लूट की वारदात को अंजाम दे दिया। पुलिस की सजगता रहती तो लूट नहीं होती।
इंस्पेक्टर क्वार्सी के अनुसार बदमाशों की शिनाख्त के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, लेकिन उनसे कोई सुराग नहीं मिल रहा है। मुखबिरों को सतर्क किया गया है। जल्द ही लूट का खुलासा किया जाएगा।
गिर्राजा पत्नी स्वर्गीय सज्जन सिंह निवासी शिवा कालोनी, गांधी पार्क अपने घर के निर्माण कार्य के लिए बैंक से पैसे निकालकर घर को आ रही थी। इसी दौरान पहले से घात लगाए लुटेरों ने बैंक शाखा से कुछ दूरी पर महिला के साथ लूट की वारदात को अंजाम दे दिया था।