क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़।
महानगर के गांधी पार्क थाना क्षेत्र इलाके की एक नवविवाहिता के साथ ससुराल में उसके पति के ताऊ और फूफा ने सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दे दिया। विवाहिता ने जब यह बात अपने ससुरालियों को बताई तो उन्होंने उल्टा विवाहिता को ही मुंह बंद रखने की नसीहत दे डाली।
साथ ही दहेज में 10 लाख रुपये की मांग करने लगे। पीड़िता की शिकायत पर थाना गांधी पार्क पुलिस ने पति के ताऊ-फूफा पर गैंगरेप और पति सहित नौ लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और मारपीट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
पीड़िता द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार थाना सासनी गेट इलाके में उसका मायका है। तीन माह पहले थाना गांधी पार्क इलाके के एक युवक के साथ शादी हुई थी। शादी के एक सप्ताह बाद ही ससुराल वाले दस लाख रुपयों की मांग करने लगे। विरोध करने पर मारपीट की। महिला के अनुसार एक दिन वह अपने कमरे में थी तभी देवर, ताऊ और फूफा जबरन कमरे में आ गए और उन्होंने छेड़खानी कर दी।
शोर मचाने पर मारपीट करके भाग गए। इसके बाद दो अप्रैल को पति के ताऊ और फूफा ने सामूहिक रूप से दुष्कर्म किया। इस बात की शिकायत पति सहित सास और अन्य ससुरालियों से की तो वह शिकायत सुनने के बजाय 10 लाख रुपये देने के बाद ही घर में रखने की जिद पर अड़ गए।
इंस्पेक्टर गांधी पार्क के अनुसार नवविवाहिता की तहरीर के आधार पर 11 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।