न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
शहर में चुनाव संपन्न होने के बाद पुलिस अब अपराधियों की धरपकड़ में लग गई है। रोजाना शाम पांच बजे से रात तक आपरेशन आलआउट चलाया जाएगा। इसके तहत जिले के प्रमुख चौराहों पर पुलिस बैरियर चेकिंग कर संदिग्धों से पूछताछ करेगी।
जिले में लूट, चोरी व छिनैती की घटनाओं पर पुलिस अब अंकुश लगाएगी। अगले एक सप्ताह तक पुलिस वांछित अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाएगी। इसी क्रम में एसएसपी ने सोमवार शाम ऑपरेशन आल आउट चलवाकर खुद चेकिंग की और कई प्वाइंटों पर खुद भी पहुंचे।
जिले में चुनाव के दौरान जिले के इगलास, मडराक, गोंडा रोड क्षेत्र में कई बड़ी लूटे हुई। वहीं महानगर के ज्ञान सरोवर, मान सरोवर, सासनी गेट, बन्नादेवी सहित कई क्षेत्रों में घरों और दुकानों में बड़ी-बड़ी चोरियां भी हुई।
अब चुनाव संपन्न होने के बाद पुलिस एक्शन मूड में आ गई है। सोमवार को एसएसपी आकाश कुल्हरि ने सभी सीओ और थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में गश्त बढ़ाने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि रोजाना शाम 5 बजे से रात तक आपरेशन आलआउट चला अपराधियों की धरपकड़ की जाये।
वहीं अगले एक सप्ताह तक वांछित अपराधियों को पकड़ने के लिये अभियान चलाने के निर्देश दिये। वहीं आपरेशन आलआउट के तहत एसएसपी ने सोमवार को कई चौराहों का निरीक्षण किया। वहां मौजूद पुलिस कर्मियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिये।