न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
मुख्यमंत्री किसान एवं सर्वहित बीमा योजना के तहत एटा के किसान को बीमा कंपनी द्वारा पैसा न मिलने पर उसने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से इसकी शिकायत की है। किसान का आरोप है कि बीमा कंपनी के कर्मचारी व अधिकारियों ने उससे एक लाख रुपये की मांग की है।
त्रिभुवन सिंह पुत्र स्व दीवान सिंह निवासी गांव रघुपुर तहसील अलीगंज एटा किसान हैं। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को दिये शिकायती पत्र में उसने कहा है कि वह गरीब मृतक किसान का पारिवारिक सदस्य है। कुछ दिनों पहले बीमा कंपनी की ओर से एक कर्मचारी उनके गांव आया और योजना से संबंधित कागज लेकर अलीगढ़ कार्यालय आने को कहा। वह जब अलीगढ़ आया तो उसकी मुलाकात कंपनी के इंवेस्टीगेटर से कराई गई।
इस दौरान इंवेस्टीगेटर ने उनसे एक लाख रुपये रिश्वत मांगी। मना करने पर उनसे कहा कि जहां मन करें वहां शिकायत कर देना। पीड़ित किसान ने रविवार को जिला विधिक प्राधिकरण से न्याय की गुहार लगाई है।