न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
नई दिल्ली से गोरखपुर को जाने वाली हमसफर एक्सप्रेस में गुरुवार को पेंट्रीकार स्टाफ ने अलीगढ़ जंक्शन पर चेन पुलिंग कर दी। लग्जरी गाड़ी के पहिये थमने से अधिकारियों के बीच हड़कंप मच गया। नई दिल्ली में बैठे अधिकारियों तक के फोन घनघनाने पर गाड़ी को जल्द से जल्द रवाना किया गया।
इधर, सूचना पर दौड़ी आरपीएफ की टीम ने हमसफर में चेन पुलिंग कर भागते दो पेंट्रीकार वेंडरों को दबोच लिया। इनके खिलाफ बिना टिकट यात्रा करने और चेन पुलिंग की धाराओं में कार्रवाई कर रेलवे मजिस्ट्रेट की कोर्ट में पेश किया गया। रेलवे मजिस्ट्रेट ने दोनों को 10-10 दिन कारावास की सजा सुनाई।
इधर, पूर्वा एक्सप्रेस में भी सवार दो यात्रियों ने चेन पुलिंग कर दी। आरपीएफ की टीम ने इन तीनों को भी कोर्ट मेें पेश किया। जहां से तीनों को 4400 रुपये जुर्माना वसूलने के बाद छोड़ा गया। तीन अवैध वेंडरों को बी दस-दस दिन जेल की सजा सुनाई।