क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़।
थाना बन्नादेवी क्षेत्र के आजाद नगर में तीन दिन से लापता वृद्ध के मकान को खाली करवाने अचानक पड़ोस का ही एक युवक घर पर आ धमका। उसने लापता वृद्ध को मकान के अठारह लाख रुपये देने की बात कही। वहीं परिवार यह बात सुनकर हैरान रह गया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो गई। पीड़ित पक्ष ने थाने में तहरीर दे दी है।
मुजीब पुत्र कल्लू खां निवासी आजाद नगर अपनी पत्नी के साथ मकान में रहते हैं। उनके पांच बेटे हैं, जो शहर में अलग-अलग जगहों पर रहते हैं। तीन दिन पहले सोमवार को मुजीब किसी काम से बाजार गये थे। पूरा दिन बीतने के बाद भी वह वापस नहीं आये। पत्नी को चिंता हुई तो बेटों को इसकी जानकारी दी। काफी तलाश करने के बाद भी वह नहीं मिले।
पुलिस को इसकी सूचना दी। आरोप है कि बुधवार को उनके पड़ोस में रहने वाला एक युवक अचानक घर पर आ धमका और मकान खाली करने की बात कही। युवक का कहना था कि उसके लापता वृद्ध से अठारह लाख रुपये में मकान खरीदा है और अब यह मकान उसकी बीबी के नाम है। इस दौरान दोनों पक्षों में काफी कहा सुनी हुई। बाद में मारपीट हो गई। पीड़ित पक्ष ने पड़ोसी के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच की है।