क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़।
रविवार की मध्यरात्रि करीब दो बजे पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर हबीबपुर माइनर में दो लुटेरों को घेर लिया। पुलिस से घिरा देखकर लुटेरों की ओर से फायरिंग शुरू कर दी गई।
पुलिस भी जवाबी फायरिंग करते हुए घेराबंदी की, जिसमें दस हजार के इनामी एक लुटेरे के पैर में गोली लगी है, जबकि दूसरा अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला।
घायल लुटेरे को पुलिस ने मलखान सिंह जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। पशु चोरी व लूट के साथ ही हत्थे चढ़े लुटेरे पर लूट, मिनी गुुंडा एक्ट, गुंडा एक्ट, जानलेवा हमला समेत करीब 20 मुकदमे छर्रा, बरला, अतरौली समेत विभिन्न थानों में दर्ज हैं।
छर्रा कोतवाली प्रभारी उमेश कुमार के अनुसार सूचना मिली थी कि किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में दो बदमाश हबीबपुर माइनर पर मौजूद हैं।
इस पर एसआई योगेंद्र सिंह, सिपाही रजनीश कुमार, विश्वेंद्र कुमार के साथ कोतवाली प्रभारी ने दोनों बदमाशों की घेराबंदी की। जानलेवा फायरिंग से बचते हुए पुलिस की जवाबी फायरिंग में इलियास पुत्र अली शेर निवासी सतरापुर के पैर में गोली लगी है।
उसका साथी रनवीर पुत्र लटूरी सिंह निवासी सिखरना खुर्द अंधेरे का फायदा उठाते हुए भागने में सफल रहा। पकड़े गए लुटेरे के पास से एक सीएमपी, 315 बोर के पांच खोखे और तीन कारतूस बरामद हुए हैं।