क्राइम न्यूज, अमर उजाला, सासनी।
सर्दी के साथ ही कस्बे में चोरी की वारदात भी बढ़ गई हैं। शुक्रवार देर रात बदमाश हाइवे पर स्थित पेट्रोल पंप पर खड़े ट्रैक्टर-ट्रॉली को चोरी कर ले गए। साथ ही दो दुकानों के ताले तोड़ कर चोरी करने का प्रयास किया। जगार होने पर बदमाश दुकानों से कुछ नहीं ले जा सके। इस मामले में ट्रैक्टर स्वामी अज्ञात चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
गांव देदामई निवासी हरिओम पुत्र मदनमोहन शर्मा पुरानी सब्जी मंडी में ऑटो पार्टस का कारोबार करते हैं। सासनी- अलीगढ़ हाईवे पर जैन पेट्रोल पंप के पास मकान बना कर मय परिवार निवास करते हैं।
मकान के निकट ही छिपैटी कस्बा सासनी निवासी रामचंद्र एवं गांव रूहल निवासी राजेश शर्मा की दुकान है। शुक्रवार देर शाम हरिओम शर्मा दुकान बंद कर अपने घर चले गए। घर के बाहर उनका एस्कार्ट ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़े थे।
रात में बदमाश घर के बाहर खड़े ट्रैक्टर-टॉली को चोरी कर ले गए। इतना ही नहीं बदमाशों ने मकान के निकट स्थित रामचन्द्र व राजेश की दुकानों के ताले भी चटका दिए।
खटपट की आवाज सुन कर बदमाश मौके से फरार हो गए। सुबह दरवाजा खुलते ही हरिओम के पैरों तले जमीन खिसक गई। मौके पर टैक्टर-ट्रॉली नहीं थे। दुकानों के ताले चटके हुए थे। सूचना मिलते ही लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को भी खंगाला।