न्यूज डेस्क अमर उजाला हाथरस
सासनी। नगला गजुआ निवासी चंद्रमोहन हत्याकांड में मुख्य आरोपी सुनील अभी पुलिस की पकड़ से दूर है, जबकि उसके दूसरे साथी को पुलिस ने घर से गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में पुलिस के हाथ कई अहम सुराग लगे हैं, जिनके आधार पर पुलिस अन्य आरोपियों को पकड़ने की रणनीति बना रही है।
पुलिस को मंगलवार की देर रात सूचना मिली कि चंद्रमोहन का हत्या आरोपी अपने घर ग्राम लौहर्रा में है। सूचना पर पुलिस ने उसे घर से दबोच लिया। पूछताछ में पकडे़ गए आरोपी ने अपना नाम नौरंगीलाल पुत्र फतह सिंह निवासी लौहर्रा बताया है। नौरंगीलाल ने हत्या के आरोप में संलिप्त होने का जुर्म इकबाल किया है।
मुख्य आरोपी सुनील की आदतों का विरोध करना चंद्रमोहन को भारी पड़ गया। सुनील ने अपने अन्य साथी ओमप्रकाश उर्फ ओमी, भूरा एवं नौरंगीलाल के साथ घटना को अंजाम दिया था। पुलिस भूरा को जेल भेज चुकी है। दूसरे आरोपी नौरंगी को भी पुलिस ने मंगलवार की रात को गिरफ्तार कर लिया है।
पूछताछ में नौरंगीलाल से कई अहम सुराग पुलिस के हाथ लगे हैं। इसके आधार पर पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। मुख्य आरोपी सुनील और ओमप्रकाश अभी फरार हैं।