बस ने बाइक रौंदी, एक की मौत
क्रासर
बाइक पर पीछे बैठा युवक भी गंभीर घायल
अमर उजाला ब्यूरो
सिकंदराराऊ। एटा रोड स्थित गांव मुगलगढ़ी पर रविवार की दोपहर को रोडवेज बस ने बाइक को रौंद दिया। हादसे में बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गई और पीछे बैठा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को सीएचसी से रेफर कर दिया गया है। रोडवेज बस को पुलिस ने कस्टडी में ले लिया है।
निधौली कलां के गांव धोरेश्वर निवासी जीतू पुत्र कुशलपाल एवं योगेंद्र बाइक पर जा रहे थे। शाम करीब चार बजे रोडवेज बस ने गांव मुगलगढ़ी के पास बाइक को रौंद दिया। बस के नीचे बाइक आने से जीतू की मौके पर मौत हो गई और योगेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद चालक-परिचालक रोडवेज बस को मौके पर ही छोड़कर भाग गए। ग्रामीणों ने आकर तत्काल जीतू का उठाया तो उसकी मौत हो गई थी, जबकि योगेंद्र सिसक रहा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस बुलवाकर दोनों की सीएचसी भेजा, जहां जीतू को मृत घोषित कर दिया और योगेंद्र को गंभीर हालत में रेफर कर दिया गया। पुलिस ने बस को कस्टडी में ले लिया है। समाचार लिखे जाने तक मामले की रिपोर्ट दर्ज कराने की तैयारी हो रही थी।