क्राइम डेस्क, अमर उजाला, अतरौली (अलीगढ़)।
कोतवाली क्षेत्र के गांव चालाकपुर के जंगलों में शनिवार की रात एक साधु की झोपड़ी जल गई। इसी झोपड़ी के अंदर एक युवक का जला हुआ शव रविवार की सुबह पुलिस ने बरामद किया है। इस खबर से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। बड़ी संख्या में लोग जली झोपड़ी और शव को देखने व शिनाख्त करने के लिए पहुंचे। हालांकि शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। चर्चा हत्या कर शव जलाने की भी है। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी।
गांव चालाकपुर और सिमथला के बीच चरागाह की जमीन पर एक साधु झोपड़ी डालकर रहते हैं। वह इस झोपड़ी में आते-जाते रहते हैं। जब वह नहीं रहते हैं तो झोपड़ी खुली पड़ी रहती है। चर्चा है कि साधु चार दिन से क्षेत्र में नजर नहीं आए। उधर रविवार की सुबह पुलिस को साधु की यह झोपड़ी जलने और इसके अंदर एक युवक का जला हुआ शव पड़े होने की सूचना मिली।
सीओ प्रशांत सिंह, कोतवाल प्रवेश राणा फोर्स के साथ पहुंच गए। शव के पास मिली अधजली वस्तुओं को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। चौकीदार ज्ञान सिंह की ओर से रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। कोतवाल प्रवेश राणा के अनुसार शव के पास अधजली चिलम मिली है। हो सकता है कि नशे के दौरान इसी चिलम से झोपड़ी में आग लग गई हो। पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है।
पीछे की ओर थे शव के हाथ
शव पूरी तरह से जल जाने के कारण पहचान में नहीं आ सका। मौके पर पुलिस को शव के हाथ पीछे की ओर मिले थे। इससे बांधकर उसे जलाए जाने की आशंका भी लोगों के बीच चर्चा में रही। पुलिस साधू की भी तलाश कर रही है। मौके से अधजली नीली जींस, काली बेल्ट, बटन, पट्टेदार अंडरवियर, सफेद बनियान, लाल टी शर्ट जैसा कपड़ा, जला हुआ मोबाइल, चिलम आदि पुलिस ने जब्त किया है। जिस दरी पर शव पड़ा था, वह भी काफी जली हुई थी। लोगों में चर्चा यह भी रही कि मृतक का साधु की झोपड़ी में आना जाना रहा होगा। वह आसपास का रहने वाला भी हो सकता है। भांग का सेवन करने के बाद चिलम पीने से आग लगने के बावजूद उसे खुद को बचाने का ख्याल न रहने जैसी आशंकाएं भी जताई जा रही हैं।