न्यूज डेस्क अमर उजाला हाथरस
सादाबाद इंटर कॉलेज के एक शिक्षक ने पढ़ाई कराते वक्त भावावेश में आकर कुछ ऐसी टिप्पणी कर दी कि वह अनुसूचित जाति की कुछ छात्राओं को अखर गई। इन छात्राओं ने अपने परिजनों के साथ शिक्षक की शिकायत प्रधानाचार्य से भी की। इधर, समाज के कुछ लोगों ने प्रधानाचार्य को इस मामले में ज्ञापन भी सौंपा।
जानकारी के मुताबिक सादाबाद इंटर कॉलेज में शनिवार को एक शिक्षक ने पढ़ाते समय राम वनवास के संबंध में कुछ बातें बताते हुए कुछ ऐसा कह डाला जो कि क्लास में मौजूद छात्राओं को काफी बुरा लगा। सोमवार को यह छात्राएं अपने परिजनों सहित कॉलेज में पहुंची और प्रधानाचार्य से इस मामले की शिकायत की।
समाज के कुछ अन्य लोगों ने भी इस संबंध में ज्ञापन दिया और कार्रवाई की मांग की। इधर, चर्चा है कि इस मामले में शिक्षक ने संबंधित छात्राओं से माफी भी मांग ली है। वहीं, प्रधानाचार्य ने भी इस मामले में संबंधित शिक्षक से स्पष्टीकरण मांगा है।
--------------