क्राइम डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
एडमिशन के नाम पर अभिभावकों से ठगी करने वालोें के खिलाफ अब डीएम के निर्देश पर शनिवार को बेसिक शिक्षा महकमा सक्रिय हुआ। इस मामले में दो लोगों के खिलाफ बेसिक शिक्षा विभाग के एक समन्वयक ने थाना बन्नादेवी में तहरीर दी है। इन दोनों ठगों की तलाश की जा रही है।
दुर्बल आय वर्ग के बच्चों को शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत निजी स्कूलों में दाखिला दिया जाता है। शहर में एक गिरोह खुद को एनजीओ का संचालन बताकर ऐसे ही गरीब लोगों को ठगता था। यह गिरोह इन लोगों से तीन से छह हजार रुपये लेकर उनसे यह वादा करता था कि वह उनके बच्चों का दाखिला आरटीई कोटे से बड़े स्कूलों में करा देगा।
ठगी करने वाला यह गिरोह महानगर में लंबे समय से सक्रिय था। जब अभिभावकों के बच्चोें का एडमिशन इन स्कूलों में नहीं हुआ तो उन्होंने इसकी उच्चाधिकारियों से की। यही नहीं ठगी का यह वीडियो वायरल भी हो गया और मामला डीएम के संज्ञान में आ गया। उन्होंने इस बारे में कार्रवाई करने के निर्देश बीएसए को दिए। बेसिक शिक्षा विभाग भी इसकी छानबीन में जुट गया।
विभागीय सूत्रों की मानें तो हालांकि शिकायत तो पांच लोगों ने ही की है लेकिन गिरोह ने सौ से ज्यादा लोगों को अपना शिकार बनाया है। इस मामले में बेसिक शिक्षा विभाग में आरटीई का कार्य देख रहे ज्ञानेंद्र गौतम ने बताया कि इस गिरोह के दो सदस्यों तनवीर व सलमान के नाम प्रकाश में आए हैं। इनके खिलाफ थाना बन्नादेवी में रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी गई है।