न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
जिला कारागार में बंदियों से मुलाकात को आने वाले उनके परिजन, रिश्तेदार और दोस्तों को अपने पास रखे मोबाइल फोन के कारण परेशान नहीं होना पड़ेगा।
जिला कारागार में शनिवार को महानगर अपराध निरोधक कमेटी की ओर से नि:शुल्क मोबाइल लॉकर की सुविधा शुरू कराई गई। जेल अधीक्षक आलोक सिंह ने लॉकर का उद्घाटन किया।
उन्होंने बताया कि मुलाकातियों को अब मोबाइल फोन के कारण परेशानी नहीं उठानी पड़ेगी। बंदी से मुलाकात से पहले जेल के लॉकर में ही उनका मोबाइल जमा करा लिया जाएगा। इस दौरान जेलर डॉ. राजेश सिंह, उप जेलर संजय कुमार शाही, अनिल कुमार, आफताब, अहमद अंसारी, संजय शर्मा ठेकेदार आदि मौजूद रहे।
जिला जज ने एसपी सिटी संग किया जेल का निरीक्षण
जिला कारागार का शनिवार को जिला जज नवीन श्रीवास्तव ने एसपी सिटी आशुतोष द्विवेदी के साथ त्रैमासिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बंदियों की समस्याओं का जाना औैर उनके समाधान के निर्देश जेल अधिकारियों को दिए। जिला जज एवं एसपी सिटी ने इस दौरान बंदियों की बैरंग को देखा और उनके रहन सहन के बारे में भी जाना। इस मौके पर अधीक्षक आलोक सिंह ने अगवानी की।