क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़।
थाना गांधी पार्क इलाके के मोहल्ला नगला मानसिंह में मायके में रह रही विवाहिता की नाक, कान और गला काटकर हत्या करने के आरोपी पति को पुलिस ने दबोच लिया। पति ने कैंची से अपनी पत्नी की हत्या की थी। साथ ही हत्या के बाद वह देहरादून सहित अन्य पहाड़ी इलाकों में घूमने चला गया था। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त कैंची को भी बरामद कर लिया है।
परिजनों ने इस मामले की दहेज के लिए हत्या किए जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। हालांकि आरोपी ने पत्नी के चाल-चलन से खफा होकर हत्या की बात स्वीकारी है।
एसएसपी अजय कुमार साहनी ने गुरुवार को पुलिस लाइन सभागार में प्रेसवार्ता में बताया कि थाना गांधी पार्क के मोहल्ला नगला मान सिंह निवासी राखी (19) की शादी 4 दिसंबर 2017 को गोंडा के गांव रफतपुर निवासी राजकुमार से हुई थी। राजकुमार भट्ठे पर ईंट पथाई का काम करता है। पुलिस के मुताबिक राखी हत्या से 15 दिन से अपने मायके में थी।
दो दिन पहले ही राखी का पति राजकुमार उसे बुलाने आया था। राजकुमार भी दो दिन से यहीं पर रह रहा था। रविवार की रात राखी के माता-पिता एक अन्य निर्माणाधीन मकान पर थे। परिजनों के मुताबिक सोमवार की सुबह वह घर पर पहुंचे तो राखी की लाश कमरे में मिली। पति राजकुमार का अता पता नहीं था। पुलिस ने बताया कि हत्या के बाद राजकुमार बाइक से देहरादून, रानीखेत आदि इलाकों में चला गया।
यहां पर राखी के घर से उठाए गए जेवर आदि को बेचकर वहां तफरीह की। पुलिस लगातार राजकुमार के मूवमेंट पर नजर रख रही थी। जैसे ही वह घर पहुंचा तो पुलिस ने उसे दबोच लिया। पुलिस ने बताया कि राजकुमार अपनी पहली पत्नी को छोड़ चुका है। इसके अलावा गांव की एक लड़की को भी भगा ले गया था, लेकिन उस घटना में मुकदमा दर्ज नहीं हुआ था।
राजकुमार ने पुलिस के समक्ष राखी के चाल चलन को लेकर सवाल खड़े किए। पुलिस ने बाद में उसे जेल भेज दिया। इस मौके पर एसपी सिटी अतुल श्रीवास्तव व सीओ द्वितीय पंकज श्रीवास्तव भी मौजूद रहे। इस सफलता पर इंस्पेक्टर गांधीपार्क रविंद्र सिंह को बधाई दी है।