क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़।
हरदुआगंज के कस्बा जलाली के भाजपा नेता की किशोरी बेटी कृतिका शर्मा की घर के अंदर गोली लगने से मौत के मामले में बेशक पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया। मगर परिवार ने यह आरोप सिरे से नकारा है। इसे लेकर परिजन एसएसपी से मिले।
एसएसपी ने प्रकरण में विवेचक को तलब कर दोनों पक्षों से साक्ष्यों पर चर्चा के बाद यह तय किया है कि पुलिस पहले आरोपी भाई से पूछताछ कर ले और उसके मोबाइल की डिटेल की समीक्षा कर ले। इसके लिए पुलिस एक प्रशभनावली बना ले। अगर सवाल जवाब में कहीं कोई बात उलझती है तो जांच की दिशा को आगे तय करे।
बता दें कि कृतिका को 24 अप्रैल को गोली लगी थी और 4 मई को उसकी दिल्ली में मौत हो गई थी। थाना पुलिस ने इस दलील के साथ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया कि परिजनों ने सूचना तक नहीं दी। खुद मुकदमा दर्ज कराने के तक नहीं आए। छात्रा के पैरों में खरोंच के निशान थे।
घटनास्थल से तमंचा गायब था। बहन की एक दिन पहले की किसी हरकत पर भाई गुस्से में था और घटना वाले दिन घर में अकेले होने पर दोनों में बहस हुई। इसके बाद हत्या को अंजाम दिया गया। वहीं परिजनों ने पुलिस के इन तर्कों को खारिज करते हुए कहा कि उसने सुसाइड किया है।
हालांकि एसएसपी के सामने विवेचक व परिजन अपने अपने दावे को साबित नहीं कर पाए। इस पर एसएसपी ने कहा है कि पहले आरोपी भाई से एक प्रशभनावली बनाकर पूछताछ की जाए। उसकी कॉल डिटेल आदि निकालकर समीक्षा की जाए। उसके बाद जांच की दिशा तय की जाए।