क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़।
नवागत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आकाश कुलहरि ने कार्यभार संभालते ही अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। इसी क्रम में उन्होंने सैकड़ों लंबित पड़े मामलों के निस्तारण नहीं होने पर अपने ही कार्यालय के दो लिपिकों के खिलाफ विभागीय जांच गठित कर दी है। इस कदम को लेकर विभाग में सन्नाटा पसरा हुआ है।
एसएसपी आकाश कुलहरि ने गुरुवार को थाने चौकियों का निरीक्षण किया। इसी क्रम में वह दिन में गांधी पार्क थाने पहुंचे और वहां की स्थिति जानी। इसके बाद वह अपने ही कार्यालय के विभिन्न पटलों पर पहुंचे।
यहां पर निरीक्षण के दौरान पाया कि बडे़ बाबू के पटल पर एक साल से विभाग के ही करीब 500 मेडिकल प्रतिपूर्ति के आवेदन लंबित थे। जबकि इनका निस्तारण दो महीनों में ही हो जाना चाहिए। इसी तरह से विभाग के ही कर्मचारियों की जांच के क्रम में एक बाबू के पटल पर 500 प्रारंभिक जांचें लंबित पड़ी थीं।
जबकि इनका निस्तारण भी दो महीने में हो जाना चाहिए। इन दोनों पटल कर्मियों की कार्यप्रणाली को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने दोनों के खिलाफ विभागीय जांच बैठा दी। सीओ द्वितीय को जांच सौँपी है। एसएसपी द्वारा उठाए गए इस सख्त कदम से विभाग में सन्नाटा छा गया है।
गौरतलब है कि मेडिकल प्रतिपूर्ति नहीं मिलने पर ऐसे ही एक पीड़ित कुछ दिनों पहले एसएसपी कार्यालय पर अपनी शिकायत लेकर पहुंचे थे। उनका आरोप था कि उनसे 10 हजार रुपये मांगे जा रहे हैं।